शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र को तार-तार किया जा रहा है, संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अभूतपूर्व संवैधानिक संकट खड़ा किया है. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर शारदा चिट फंड घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है, जिसमें ममता रोड़े अटका रही हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को रैली और सभा करने की अनुमति नहीं दी जा रही है. भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है. इसको कभी भी जायज नहीं ठहराया जा सकता. इसलिए ममता घबराई हुई हैं और टीएमसी का जाना तय है. उन्होंने कहा कि जब सीबीआई पूछताछ करना चाहे तो उसे रोका जाए, गिरफ्तार कर लिया जाए, थाने में बैठा लिया जाए, आखिर जांच क्यों पूरी नहीं होने दी जा रही है? ममता बनर्जी बताएं कि जांच पूरी होने से किसके फंसने का डर है? जांच को रोकना, सुप्रीम कोर्ट की अवमानना है.
तो राहुल, हटाएं कमलनाथ को
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राहुल गांधी को उनका वादा याद दिलाया और कहा कि राहुल गांधी ने कहा था कि हम 10 दिन में अगर किसानों का कर्ज माफ नहीं करेंगे, तो मुख्यमंत्री को हटा देंगे. चौहान ने कहा कि किसानों का कर्ज अब तक माफ नहीं हुआ है. वादे के मुताबिक राहुल गांधी को कमलनाथ को पद से हटा देना चाहिए. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार से यह कहना चाहता हूं कि 80 लाख किसानों का कर्ज माफ करो. इनके खाते में दो-दो लाख रुपया डालो. जिन्होंने 31 मार्च तक का अपना कर्ज़ भर दिया है, उनके खाते में भी दो-दो लाख डलवाओ. ये नीले-पीले फॉर्म भरवाने में वक्त मत बर्बाद करो.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें