सोमवार, 4 फ़रवरी 2019

दीवान में मिला शव, बन गया ‘ममी’

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक बंद पड़े फ्लैट से करीब छह महीने पुराना शव मिला है. शव कमरे में रखे बंद दीवान में रजाई और कपड़ों में लपेटा हुआ था, इस दौरान हवा के संपर्क में नहीं आने से वह ‘ममी’ जैसा हो गया है.
राजधानी के  बागसेवनिया थाना क्षेत्र के विद्यानगर स्थित एक बंद फ्लैट से रविवार को एक शव बरामद हुआ है. शव कमरे में रखे दीवान के अंदर रजाई और कपड़ों में लिपटा हुआ था. यह शव सूख गया था और मांस हड्डियों से चिपक गया है.  पुलिस ने फ्लैट से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है.  पुलिस के अनुसार मूलरूप से ग्वालियर निवासी विमला श्रीवास्तव से यह फ्लैट नेहरू नगर निवासी होटल व्यवसायी रामवीर सिंह को जून 2018 में साढ़े छह लाख रुपए में बेच दिया था. इसके बाद रामवीर सिंह का परिवार अपने घर पर शादी समारोह में व्यस्त हो गया. छह माह तक नए फ्लैट में कोई नहीं गया. इस बीच विमला श्रीवास्तव व उसके बेटे अमित से भी इनकी मुलाकात नहीं हुई.
हालांकि रामवीर सिंह के पास फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी थी, जिसे लेकर रविवार को दोपहर उनका बेटा अमित सिंह राजपूत फ्लैट की साफ सफाई करवाने आया था. वह अपने साथ मजदूर भी लेकर आया. फ्लैट की सफाई के दौरान दीवान पलंग का बाक्स खोलकर देखा तो अमित व मजदूरों के होश उड़ गए. बाक्स में शव पड़ा था, जो ममी जैसा रूप ले चुका था. सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. मौके से एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य उठाए हैं.  
पड़ोसियों को नहीं आई दुर्गंध
फ्लैट के पलंग के नीचे दफन शव की किसी को भनक तक नहीं लगी थी. पड़ोसियों को दुर्गंध भी नहीं आई. इस संबंध में एफएसएल के एक्सपर्ट वरिष्ठ वैज्ञानिक मौका मुआयना करने के बाद मीडिया को बताया कि शव रखने से पहले उसके नीचे गद्दा बिछाया गया था,  फिर शव को चद्दर में लपेट कर अन्य कपड़ों में छुपाकर रखा गया. इससे न तो शव में कीड़े लगे और ना बाहर दुर्गंध आई. शव ममी का रूप ले चुका था. उसका सिर्फ ढांचा ही शेष बचा है.
लापता है फ्लैट की मालकिन
फ्लैट की पूर्व मालकिन व उसका बेटा भी पिछले छह माह से लापता बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि परिवहन विभाग में पति की जगह अनुकंपा नियुक्ति पर लगी लिपिक विमला श्रीवास्तव ने वर्ष 2003 में बीडीए से यह फ्लैट लिया था.  फ्लैट में विमला और उसका बेटा अमित श्रीवास्तव रहते थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें