मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के घुड़की माल घाट पर आज रविवार की सुबह वन विभाग द्वारा आयोजित किए गए ईको कैम्प हेतु विद्यार्थियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से 30 से अधिक विद्यार्थी घायल हो गये. पुलिस के अनुसार भगवानपुरा थाना क्षेत्र के सिरवेल स्थित शासकीय हाई स्कूल के 132 विद्यार्थियों को दो बस तथा दो जीप वाहनों से जलगांव जिले के यावल वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के अंतर्गत पाल हिल स्टेशन पर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान सिरवेल से 15 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश- महाराष्ट्र सीमा पर स्थित दुर्गम घुड़की माल घाट पर 40 विद्यार्थियों से भरी बस के ब्रेक फेल हो जाने के चलते वह असंतुलित होकर पलट गई. वाहन चालक की सूझबूझ के चलते बस खाई में जाने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया. घटना के चलते करीब 30 विद्यार्थियों तथा एक वनरक्षक को चोट आई है. उन्हें जिला अस्पताल खरगोन लाया गया है तथा गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है. भीकनगांव के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) प्रदीप सिंह राणावत ने बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करीब पौने नौ बजे सुबह हुई इस घटना में बस के ब्रेक फेल होने की वजह से पलट जाने के चलते 30 विद्यार्थियों समेत 31 लोग घायल हुए जिसमें से गंभीर रुप से घायल एक विद्यार्थी को इंदौर रेफर किया गया है. घायल विद्यार्थियों का हाल चाल जानने जनजातीय कल्याण विभाग तथा वन विभाग के अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे. उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के वन विभाग के द्वारा प्रतिवर्ष अनुभूति कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के लिए इको कैंप आयोजित किए जाते हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें