
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उन्हें हर प्रकार की सहायता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि 5 करोड़ तक का लोन उपलब्ध कराया जाएगा. इस लोन का ब्याज का एक हिस्सा सरकार द्वारा भरा जाएगा. महिलाओं के लिए परामर्श केंद्र भी उपलब्ध कराया जाएगा.
मुख्यमंत्री आज राजधानी के भेल स्थित जंबूरी मैदान पर स्व सहायता समूहों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. सम्मेलन में उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू भी शामिल हुए. सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में बिजली बिल वसूलने के लिए स्व-सहायता समूह को जिम्मेदारी दी जाएगी, इसके लिए समूह को 6 हजार रुपए प्रतिमाह और 15 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि अलग से दी जाएगी. उन्होंने कहा कि स्व- सहायता समूह की बहनों को फैक्टरी लगाने के लिए 5 करोड़ की भी आवश्यकता होगी, तो गारंटी मैं दिलवाऊंगा. गरीब भाई-बहनों के बच्चों की उच्च शिक्षा की राह में कोई बाधा नहीं आने दूंगा. मेरे बच्चों 12वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक ले आओ और तुम्हारी मेडिकल, इंजीनियरिंग आदि की फीस तुम्हारा मामा शिवराज भरवाएगा.महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित जैविक कल्चर व खाद सरकार द्वारा खरीदी जाएगी व किसानों को प्रदान की जाएगी.
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि महिला स्व सहायता समूहों के जरिए 1,50,000 परिवारों को स्वावलंबी बनाया है. अगले 3 सालों में 5,00,000 परिवारों की आय 10, 000 रुपए प्रतिमाह होगी. मुख्यमंत्री इन समूहों को सशक्त बनाने के लिए पहले भी कई घोषणाएं कर चुके हैं. काफी समय से यह सम्मेलन टल रहा था. पहले यह मंडला में होना था. ज्ञात हो राज्य सरकार पहले ही तय कर चुकी है कि पोषण आहार बनाने और वितरण का काम महिला स्व-सहायता समूह करेंगे. इन समूहों के फेडरेशन को पोषण आहार बनाने की फैक्ट्री लगाने के लिए सरकार मदद भी करेगी.
इससे नहा कर देखो पियर्स से कम नहीं है
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जो अंतरराष्ट्रीय कंपनियां साबुन बना रही हैं, वो मेरी स्व-सहायता समूह की बहनें भी बना रही हैं. इससे नहाकर तो देखो, ये पियर्स साबुन से कम नहीं है. कीटनाशक, जैविक खाद सहित खेती के लिए बहने जो उत्पाद बनाएंगीं, उसे सरकार खरीदेगी और किसानों के हाथ बेचेगी, जिससे उपज की क्वालिटी अच्छी बने और आपकी आमदनी भी बढ़े. पंचायत चुनाव में बहनों को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया और मुझे खुशी है कि ये मेरी बहनें पुरुषों से अच्छी सरकारें चला रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस नये और समर्थ भारत के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं, मुझे विश्वास है कि उसमें हमारे मध्यप्रदेश की बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें