मंगलवार, 19 दिसंबर 2017

सुशासन दिवस के रुप में वाजपेयी का जन्मदिन मनाएगी भाजपा


पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसंबर को सुशासन एवं सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा. यह बात भाजपा प्रेदश अध्यक्ष और सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने कही.
चौहान ने बताया कि जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रीय सुशासन दिवस पर सुशासन और भाजपा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन होगा. संगोष्ठी में केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार की सुशासन परक नीतियों पर चर्चा की जाएगी. किसान मोर्चा द्वारा किसानों के हित में अटलबिहारी वाजपेयी के शासनकाल में शुरू की गयी महत्वपूर्ण योजनाएं किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना, बिजली एक्ट 2003, सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार और निवेश, प्रधानमंत्री सड़क योजना के संदर्भ में मंडल स्तर पर सम्मेलन, प्रदर्शनी, चौपाल सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा.
चौहान ने बताया कि युवा मोर्चा द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और विचारों पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में आम युवा और विद्यार्थियों को भागीदार बनाया जाएगा. सेवा बस्तियों में अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा. साथ ही अटलजी के बड़े चित्र के साथ उमंग भरे उत्सव का आयोजन तथा कंबल वितरण, दवाईयों का वितरण किया जाएगा. महिला मोर्चा द्वारा भाजपा कार्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा.मोर्चा की बहनें उत्सव गीत और भजनों के आयोजन में शामिल होगी. आईटी सेल, सोशल मीडिया द्वारा अटलजी की सरकार की योजनाएं, उपलब्धियों के साथ ही वर्तमान केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर सोशल मीडिया में जानकारी दी जायेगी. अटलजी के व्यक्तित्व से जुडे संस्मरण, कविताएं और भाषण को सोशल मीडिया से प्रचारित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा संभागीय मुख्यालयों पर अटलजी के जन्म उत्सव के कार्यक्रम आयोजित कर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की जाएगी. 28 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरूष कुशाभाऊ ठाकरे की पुण्यतिथि पर सुंदरकांड और भजन का आयोजन किया जाएगा.
कर्मचारी लेंगे शपथ
वाजपेयी के जन्म दिन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रुप में 24 दिसंबर को जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी सुशासन की शपथ लेंगे. इसके साथ ही 24 से 30 दिसंबर के मध्य जिले में सुशासन सप्ताह मनाया जाएगा तथा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सुशासन सप्ताह के अंतर्गत अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रशासकीय कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों का स्थानीय स्तर पर चयन कर सम्मानित किया जाएगा.  साथ ही लोगों के सशक्तिकरण के लिए बनाए गए सूचना का अधिकार, लोक सेवाओं के प्रदान की गारंटी, सीएम हेल्पलाईन, समाधान आॅनलाईन, जनसुनवाई, स्वच्छता अभियान सहित अन्य अधिनियम तथा व्यवस्थाओं के संबंध में जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर चचार्एं आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें