मध्यप्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय के निकट स्थित ग्राम अल्हादाखेड़ी में बुधवार 20 जून को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना में हितग्राही श्रमिक सम्मेलन एवं अन्त्योदय मेला संपन्न हुआ. मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज गरीबों की जिंदगी में खुशी का रंग भरने का दिन है. असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का दिन है. आज मैं वर्षों से संजोये सपने और बचपन के अनुभव से बनी सोच को जमीन पर उतारने में सफल हुआ. संबल योजना गरीबों के कष्ट को समाप्त करने में सहायक होगी. गरीबी हटाना मेरा संकल्प है, इसे पूरा करके रहूंगा.
उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों को आवास की भूमि के पटटे प्रदान कर पक्का मकान बनाने आर्थिक सहायता प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री अन्त्योदय आवास योजना में प्रदान की जाएगी. प्रतिवर्ष 10 लाख आवास निर्माण कर झोपड़ी मुक्त मध्यप्रदेश बनाया जाएगा. गरीब के बच्चों की उच्च शिक्षा का शुल्क शासन भरेगा, पात्र महिलाओं को गर्भावस्था के 6 से 9 माह में 4 हजार रुपए तथा प्रसवोपरान्त 12 हजार की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. सभी पात्रों को नि:शुल्क उपचार, 5 हजार रुपए अंत्येष्ठी सहायता तथा सरल बिजली प्रदाय योजना में 200 रुपए महीना फलैट रेट पर विद्धुत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. सामान्य मृत्यु पर परिजनों को 2 लाख रुपए तथा दुर्घटना मृत्यु 4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी.
उन्होंने कहा कि आबादी के अनुसार बजट देना सुनिश्चित किया जाएगा. संबल योजना का कुशल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए गांव में ही पांच लोगों की समिति बनेगी जिनमें एक महिला तथा एक अजा-अजजा का सदस्य अनिवार्यत: होगा. मुख्यमंत्री ने सीहोर जिले के शतप्रतिशत घरों में विद्धुत आपूर्ति का कार्य संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि नर्मदा का जल पार्वती में लाकर एक-एक इंच भूमि सिंचित किया जाना सुनिश्चत करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें