मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह ने आज विधानसभा के प्रमुख सचिव ए. पी. सिंह को राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना दी. सिंह ने यहां विधानसभा पहुंचकर प्रमुख सचिव को अविश्वास प्रस्ताव की सूचना दी.राज्य विधानसभा का पावस सत्र 25 जून से प्रारंभ होगा. यह सत्र 29 जून तक चलेगा. इस दौरान पांच बैठक होने की संभावना है. मौजूदा विधानसभा का यह अंतिम सत्र माना जा रहा है. राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. इसके मद्देनजर सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस चुनावी तैयारियों में जुटे हैं. राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना देने के बाद सिंह ने पत्रकारों से चर्चा में उम्मीद जताई कि विधानसभा में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष को अपनी बात रखने की पूरी आजादी है और इसका सम्मान राज्य सरकार द्वारा भी किया जाना चाहिए.
शिवराज सरकार के खिलाफ दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव
शिवराज सरकार के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह दूसरी बार यह अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं. इसके पूर्व त्रयोदश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहते हुए उन्होंने 28 नवंबर 2011 को अविश्वास प्रस्ताव लाया था. सिंह के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाते ही कांग्रेस के चौधरी राकेश सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी, इसके चलते कांग्रेस में खलबली मच गई और करीब 25 घंटे से ज्यादा हुई चर्चा के बाद अविश्वास प्रस्ताव गिर गया था.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें