नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा बहन वीणा सिंह ही दोषी, भाजपा कर रही षडयंत्र
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुनसिंह की पत्नी सरोज सिंह द्वारा न्यायालय में घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराने के बाद उनके पुत्र और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने इस सारे घटनाक्रम के पीछे उनकी अपनी बहन वीणा सिंह और भाजपा को दोषी माना है. अजय सिंह ने कहा कि वीणा सिंह षडयंत्र न करें, बल्कि भाजपा की सदस्यता ले और राजनीतिक लड़ाई लड़े.
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, मां द्वारा घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराने के बाद आज खुलकर सामने आए और बहन वीणा सिंह को इस पूरे मामले के लिए दोषी ठहराया. उन्होंने कहा कि यह सब जो हो रहा है वह भाजपा का षडयंत्र है. सिंह ने कहा कि वीणा सिंह किसी के इशारे पर यह सब काम कर रही है. बेहतर है इस तरह के षडयंत्र करने के बजाय वे भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लें और राजनीतिक रुप से लड़ाई लड़े. सिंह ने कहा कि इस बात को सभी जानते हैं कि वीणा सिंह सीधी लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के टिकट न मिलने के बाद बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ चुकी हैं. उन्होंने कहा कि उनकी मां सरोज सिंह द्वारा जो मामला अदालत में लगाया वह भी भाजपा का ही षडयंत्र है. उन्होंने कहा कि मां का जो वकील है वह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह का वकील है.
वर्मा की दुखती रग पकड़ी होगी सरकार ने
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुनसिंह की पत्नी सरोज सिंह को अदालत ले जाकर अचानक चर्चा में आए एनआरआई सेम वर्मा पर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सेम वर्मा की कोई दुखती रग को सरकार ने पकड़ लिया होगा, जिसके चलते उन्होंने ऐसा कदम उठाया. उन्होंने कहा कि 277 करोड़ रुपए का मुआवजा लेने के चक्कर में सेम वर्मा ऐसा सब कुछ कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि बैतूल तहसील के ग्राम सोहगापुर में मेसर्स मिशिगन रबर इंडिया लिमिटेड के रुप में सेम वर्मा की फैक्ट्री है. एनएचएआई द्वारा फोरलेन बनाने के लिए 1.110 हैक्टेरयर भूमि का अर्जन करने की डिमांड पर 2 जुलाई 2012 को भू अर्जन अधिकारी बैतूल ने 21.83 करोड़ रुपए का अवार्ड पारित किया था. इसी को आधार बनाकर सेम वर्मा हाईकोर्ट गए और वहां आवेदन लगाकर 277 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग की. इसके बाद हाईकोर्ट ने होशंगाबाद कमिश्नर को इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं. कमिश्नर जांच में पाया गया कि जिस स्थान पर फैक्ट्री होने की बात कह कर पेड़ के नाम पर मुआवजा मांगा जा रहा है, वहां दोनों बातें नहीं हो सकती हैं. इसके लिए सेम वर्मा की पत्नी जयदेवी से दस्तावेज मांगे जिन्हें वे उपलब्ध नहीं करा पाई. जिसके आधार पर उनका आवेदन खारिज कर उनके खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए गए.
कांग्रेस अजय सिंह के साथ, माकूल जवाब देंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के खिलाफ जो षडयंंत्र रचा गया है, वह भाजपा की संस्कृति है. इस राजनीतिक षडयंत्र का हमें पूर्व से अहसास था, निजी पारिवारिक मसलों को राजनीतिक रंग देना भाजपा की संस्कृति रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा उन बातों से ध्यान हटाने की कोशिश करती है, जिन बातों को कांग्रेस जनता के बीच ले जाकर भाजपा की सरकार को बेनकाब करना चाहती है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान कांग्रेस और आम जनता के सवालों के जवाब नहीं दे पा रहे हैं. बेरोजगारी, किसानों की प्रताड़ना, आत्महत्या, सरकारी मिशनरी का दुरुपयोग, झूठी घोषणाओं पर प्रद५ो की भाजपा सरकार निरुत्तर है. इसलिए इस तरह के हथकंडे सरकार द्वारा अपनाए जा रहे हैं. कमलनाथ ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के साथ पूरी कांग्रेस है और हम इस षडयंत्र का माकूल जवाब भी देंगे.
झा ने कहा हम सरोज सिंह की पीड़ा के साथ
भाजपा के मीडिया समन्वयक प्रभात झा ने इस मामले को लेकर ट्वीट कर राजनीतिक कटाक्ष किया है. उन्होंने ट्वीट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुनसिंह जी की पत्नी श्रीमती सरोज सिंह की पीड़ा में हम पूरे प्रदेश में उनके साथ हैं. मैं अजय सिंह से निवेदन करुंगा कि दुनिया में भगवान के बाद किसी का स्थान होता है, तो वो मां का होता है. मां से बड़ा कोई भी नहीं, मां का सम्मान होना चाहिए.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें