डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपियों को राजधानी की परवलिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना लाइसेंसी देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
परवलिया थाना पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पांच आरोपियों को शीतल सिटी कालोनी के पास से हिरासत में लिया गया. आरोपियों की पहचान बबलू, दीपेश, भगवान सिंह, लखन और प्रतीम के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वह इलाके में डकेती डालने की योजना बना रहे थे. आरोपियों के कब्जे से एक बिना लाइसेंसी देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
सड़क दुर्घटना में मां-बेटे की मौत
राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र में सेमरी खुर्द निवासी रामकुंवर बाई अपने पुत्र अभिषेक के साथ नाथू बरखेड़ा पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थी. इसी दौरान नीलबढ़ के निकट पेट्रोल पंप के समीप एक पिक अप वैन तेज रफ्तार पीछे से आई और अभिषेक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. घटना में मां-बेटे बुरी तरह घायल हुए. दोनों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार घटना के बाद से वाहन और वाहन चालक दोनों का पता नहीं है.
नाबालिग से छेड़छाड़
राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार छोलामंदिर थाना क्षेत्र में प्रेम नगर में रहने वाली नाबालिग बीती शाम को अपने घर के समीप खड़ी थी, तभी पड़ोस में रहने वाला प्रदीप अहिरवार आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा. नाबालिग ने इसका विरोध किया तो प्रदीप ने उसके साथ मारपीट कर डाली. बाद में नाबालिग ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद थाने जाकर प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कराया. शिकायत के बाद से प्रदीप फरार है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें