सोमवार, 18 जून 2018

ईद की दावत खाने गया परिवार, चोरों ने की चोरी

राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित एक सूने मकान में चोरी हो जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि जिस वक्त मकान में चोरी हुई, उससे कुछ समय पहले ही परिवार वाले ईद की दावत खाने के लिए घर से निकले थे.
हनुमानगंज थाना पुलिस के अनुसार मोहम्मद यासिर पिता यासिम निवासी मकान नम्बर 1110 न्यू कबाड़खाना की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि  मोहम्मद यासिर की प्लास्टिक का दाना बनाने का कारखाना है. बीते 16 जून को ईद पर्व पर मोहम्मद यासिर दावत के लिए परिवार के साथ करीब साढ़े आठ बजे घर से निकले थे. रात करीब दस बजे जब यासिर अपने परिवार के साथ वापस घर लौटे, तो मकान के मुख्य दरवाजे के ताले को टूटा हुआ पाया.पुलिस का कहना है कि चोरों ने मकान में रखे 90 हजार रुपए नगद, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन चुराया है. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करने के बाद से अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है.
पारिवारिक विवाद के चलते दांत से काटा युवक को
राजधानी के शाहजहांनाबाद इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक को दांत से काटे जाने का मामला सामने आया है. हमले में युवक के शरीर में चोटें आई हैं. 
शाहजहांनाबाद पुलिस के अनुसार मोहम्मद वसीम खां निवासी ऐशबाग, की शिकायत पर आरोपी शहजाद खान निवासी संजय नगर के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मोहम्मद वसीम कल रविवार को अपने एक रिश्तेदार के घर संजय नगर आए हुए थे. पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर फरियादे वसीम खां और आरोपी शहजाद के बीच झगड़ा हो गया. झगड़े दौरान आरोपी शहजाद ने अपने दांत से वसीम खां को काट दिया. पुलिस का कहना है कि हमले में वसीम के शरीर में चोटें आई हैं. पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपी शहजाद की गिरफ्तारी नहीं हुई है. आरोपी की तलाश जारी है, उन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा.
युवती से की छेड़छाड़
राजधानी के कोलार थाना पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर आरोपी विज्जू मंगरे, के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि  युवती अपने घर के बाहर बैठी हुई थी. इसी दौरान आरोपी विज्जू ने उस पर अश्लील फब्तियां कसना शुरू कर दिया. बाद में पास आकर विज्जू ने युवती के साथ अश्लील छेड़खानी करना शुरू कर दिया. पुलिस का कहना है कि जब युवती ने अपने साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध चिल्लाकर किया, तो आरोपी विज्जू मौके पर से फरार हो गया. घटना के बाद युवती ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपी विज्जू की गिरफ्तारी नहीं हुई है. आरोपी की तलाश जारी है, उसे जल्द हिरासत में लिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें