सोमवार, 18 जून 2018

नकारात्मक राजनीति कर रहे मिस्टर बंटाढार


 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता  हिदायतुल्ला शेख ने कहा कि समय बदल चुका है. कांग्रेस की विभाजनकारी और नकारात्मकता की राजनीति के दिन लद चुके है. मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्य और केन्द्र में कांग्रेस के सत्ताच्युत होने के बाद बौखलाहट की राजनीति कर रहे है. उनका हाल का बयान उनकी हताशा का चरम है, लेकिन वे भूल चुके है कि देश का अल्पसंख्यक भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जितना सुरक्षित महसूस करता है. कांग्रेस कभी कल्पना भी नहीं कर सकती. इसलिए कांग्रेस यदि खौफजदा करके अल्पसंख्यकों का समर्थन जुटाने की उम्मीद करते है तो कांग्रेस के हाथ नाउम्मीदी ही हाथ आने वाली है, लेकिन जब देश विकास के रास्ते आगे बढ़ रहा है और प्रदेश में सभी वर्गो की समुन्नति का मार्ग प्रशस्त हो रहा है. दिग्विजय सिंह का उलजलुल बयान उनकी रूग्ण मानसिकता ही दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस के शासनकाल में देश में 53 हजार से अधिक साम्प्रदायिक दंगे हुए. खून खराबा करके उसने सियासी फायदा उठाया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी एनडीए के शासनकाल में प्रदेश और देश में कही कोई तनाव अथवा दंगा होने का अवसर नहीं आया. कांग्रेस इस शांति सदभाव को पचा नहीं पा रही है. शेख ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का दुनिया का तेज गति से प्रगति करने वाला राज्य और शांति का टापू से गौरवान्वित होने का श्रेय भाजपा और मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान को मिला है. कांग्रेस को नकारात्मकता और विभाजनकारिता की सियासत नहीं करना चाहिए. यदि कांग्रेस को जनता ने केन्द्र और राज्यों से बेदखल किया है तो इसका कारण कांग्रेस की विभाजनकारी तासीर और जहरीली सियासत ही है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें