मंगलवार, 19 जून 2018

जन आशीर्वाद यात्रा पर निकलेंगे मुख्यमंत्री

 14 जुलाई को महाकाल की पूजा करने के बाद उज्जैन से प्रारंभ होगी यात्रा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा 14 जुलाई को उज्जैन से प्रारंभ होगी. जन आशीर्वाद यात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे. इस मौके पर भाजपा के तमाम शीर्ष नेता उपस्थित रहेंगे. मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा 25 सितंबर को भोपाल में समाप्त होगी. विभिन्न चरणों वाली इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेंगे.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय दीनदयाल परिसर में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि उज्जैन से जन आशीर्वाद यात्रा प्रारंभ करने के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे. आपने कहा कि पिछली जन आशीर्वाद यात्राओं की तरह ही हमें जनता का आशीर्वाद और समर्थन मिलेगा. आपने कहा कि प्रथम चरण की जन आशीर्वाद यात्रा 16 जुलाई को रतलाम में समाप्त होगी. इस दौरान यात्रा 11 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी. जन आशीर्वाद यात्रा का द्वितीय चरण 18 जुलाई को मैहर से प्रारंभ होगा. मुख्यमंत्री मैहर में मां शारदा की पूजा -अर्चना करने के बाद इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे. द्वितीय चरण की इस यात्रा का समापन 18 जुलाई को नागौद में होगा. इस दौरान यात्रा 7 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी. आपने कहा कि इसके बाद यात्रा के विभिन्न चरण लगातार चलते रहेंगे.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि जन आशीर्वाद यात्रा की दृष्टि से पूरे प्रदेश को 2 हिस्सों में बांटा गया है. एक हिस्से में राज्य का विंध्य क्षेत्र बुंदेलखंड और महाकौशल होगा. और दूसरे हिस्से में भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल और मालवा निमाड़ के विधानसभा क्षेत्र होंगे. आपने बताया कि प्रति सप्ताह मुख्यमंत्री 4 दिन जन आशीर्वाद यात्राओं पर रहेंगे. वह प्रदेश के एक हिस्से में दो दिन और दूसरे हिस्से में दो दिन रहेंगे. मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा का चरण दो दिन का होगा.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा का यह क्रम सितंबर माह तक चलेगा. 25 सितंबर को भोपाल में होने वाले विशाल कार्यकर्ता महाकुंभ के साथ जन आशीर्वाद यात्रा का समापन होगा. महाकुंभ में भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भागीदारी करेगा. साल 2013 की जन आशीर्वाद यात्रा में शिवराज प्रदेश के 206 विधानसभा क्षत्रों  तक पहुंचे थे. इस बार यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे. यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए संभाग और विधानसभा स्तर पर बैठकें प्रारंभ हो रही हैं. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा को जन आशीर्वाद यात्रा का प्रभारी बनाया गया है. यात्रा के संयोजक प्रदेश महामंत्री अजय प्रताप सिंह हैं. सहकारिता राज्य मंत्री विश्वास सारंग और प्रदेश मंत्री पंकज जोशी यात्रा के सह संयोजक बनाए गए हैं.
समय पर होंगे चुनाव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से जब यह सवाल किया गया कि एक तरफ मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा निकालने जा रहे हैं और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभाओं के साथ लोकसभा चुनावों की वकालत कर रहे हैं. ऐसे में क्या मध्यप्रदेश में समय पर विधानसभा चुनाव होंगे? इस पर उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव समय पर होंगे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंंह चौहान के खिलाफ कोई एंटीकंवेंसी नहीं हैं और न ही कार्यकर्ता सरकार से नाराज हैं. एक सवाल के जवाब में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्राओं का व्यय प्रदेश भाजपा के द्वारा किया जाएगा. पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के विकास यात्राओं में शामिल होने पर  पूछे गए सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ साथ आम लोग भी यात्राओं में शामिल होते हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें