मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल में कर्मचारियों ने सातवें वेतनमान और छठवें वेतनमान का एरियर्स देने सहित अन्य मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. कर्मचारी आज से दो दिनों तक काली पट्टी बांधकर काम करेंगे. इसके बाद यदि उनकी मांगों का फिर भी निराकरण नहीं हुआ तो वे धरना देकर आंदोलन करेंगे.
मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के कर्मचारियों ने पयार्वास भवन पर गेट मीटिंग कर आंदोलन की चेतावनी दी है. कर्मचारियों की मांग है कि सातवां वेतनमान लागू किया जाए, छठवें वेतनमान का बकाया एरियर्स दिया जाए. कार्यभारित कर्मियों को नियमित करते हुए कार्यभारित दिनांक से पेंशन की पात्रता दी जाए, स्थाई कर्मियों के आदेशों में जो विसंगतियां हैं. उन्हें तुरन्त दूर किया जाए, चतुर्थ श्रेणी की अर्र्द्धवार्षिकी आयु एवं 62 से 64 की जाए, जिन दैनिक वेतन भोगी कर्मियों के विरुद्ध मंडल ने न्यायालय में प्रकरण हैं उन्हें तुरन्त वापस लिया जाए. प्रतिनियुक्ति पर गए अधिकारियों को वापस बुलाने, सभी संपदा शाखाओं में पब्लिक एवं कर्मचारियों के बैठने के लिए फर्नीचर की उचित व्यवस्था करने सहित अन्य मांग शामिल हैं. गृह निर्माण मण्डल कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि 2 दिन काली पट्टी बांधकर काम किया जाएगा, तीसरे दिन कलम बंद हड़ताल, फिर भी मांगे नहीं मानी जाती हैं तो 3 दिवसीय धरना दिया जाएगा. इसके बाद भी कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा.
विस का घेराव करेंगे कृषि विस्तार अधिकारी
पिछले तीन सप्ताह से आंदोलन कर रहे ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने अब विधानसभा घेरने की तैयारी कर ली है. यदि शासन ने उनकी मांगों का निराकरण जल्द नहीं किया तो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी विधानसभा का घेराव करेंगे. संघ के प्रांताध्यक्ष मनोहर गिरी ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्णयानुसार जब तक वेतन विसंगति को दूर नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन किया जाएगा. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को वरिष्ठ अधिकारियों का भी समर्थन मिल रहा है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें