शुक्रवार, 1 जून 2018

.जिस स्कूल में की पढ़ाई वहीं स्थापित की शहीद महेश की प्रतिमा

जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में बहादुरीपूर्वक लड़ते हुए शहीद हुए महेश कुमार बरहदिया की प्रतिमा उनके गृह ग्राम मध्यप्रदेश के हस्तिनापुर के स्कूल में स्थापित की गई है. शुक्रवार को केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया. हस्तिनापुर के उसी स्कूल में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा शहीद महेश कुमार बरहदिया की प्रतिमा स्थापित की गई है, जहां उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की. 
   केन्द्रीय मंत्री  तोमर ने शहीद की प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिक अपने प्राणों की आहुति देकर दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं. तभी हम सब चैन की नींद सो पाते हैं. सीमाओं को सुरक्षित रखकर सैनिक देश की खुशहाली में सबसे बड़ा योगदान देते हैं. उन्होंने कहा कि हमारे लिए गर्व का विषय है कि सैन्य बलों में ग्वालियर-चंबल संभाग के जवान बहुतायत में सेवाएं दे रहे हैं. श्री तोमर ने कहा कि भारत शांति का पक्षधर है. मगर यदि हमारी सीमा पर कोई हमले की जुर्रत करे तो सैनिकों को मुँहतोड़ जवाब देने की आजादी सरकार ने दे रखी है. उन्होंने कहा सरकार शहीदों के परिवारों का पूरा ध्यान रख रही है. 
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री  माया सिंह ने कहा कि हमें शहीद महेश कुमार की शहादत पर गर्व है. साथ ही उन्हें खोने की पीड़ा भी है. शहीदों की कुर्बानियां भुलाई नहीं जा सकतीं. उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर के स्कूल में शहीद की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय सराहनीय है. ऐसे वीर सपूतों की शौर्य गाथाओं से युवा पीढ़ी को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा मिलती है. आरंभ में अतिथियों ने शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया और प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित किए. केन्द्रीय मंत्री तोमर एवं मंत्री माया सिंह ने सीआरपीएफ के जवानों के साथ शहीद को सलामी दी. साथ ही शहीद की धर्मपत्नी को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया. शहीद की प्रतिमा के अनावरण के समय जहां हस्तिनापुरवासियों में देशभक्ति का जज्बा हिलोरें ले रहा था, वहीं अपने वीर सपूत को खोने के गम में लोगों की आंखें भी नम थीं. 
शहीद महेश कुमार के नाम पर बनेगी सड़क
शहीद महेश कुमार की स्मृतियों को संजोने के लिये विधायक भारत सिंह कुशवाह की पहल पर हस्तिनापुर से चकमेहरोली तक बनने जा रही सड़क का नामकरण भी शहीद के नाम से करने का निर्णय लिया गया. केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि आगामी 15 अगस्त को इस सड़क का नामकरण शहीद के नाम से किया जाएगा.  केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 130वीं बटालियन के जवान महेश कुमार बरहदिया जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान आतंकवादियों का वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए 8 नवम्बर 2013 को शहीद हो गए थे. आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की टुकड़ी पर आईईडी विस्फोट के साथ अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गंभीर रूप से घायल होने के बाबजूद महेश कुमार ने दो आतंकवादियों को मार गिराया और देश के लिए शहीद हो गए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें