रविवार, 17 जून 2018

घर-घर जाकर मतदाता सूची की होगी जांच


एआईसीसी विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की शिकायत पर मध्यप्रदेश की उन 101 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की जांच घर-घर जाकर करा रहा है, जिनकी शिकायत कांग्रेस ने की थी. वस्तुस्थिति की जानकारी आयोग ने 20 जून तक मांगी है. 
तन्खा ने बताया है कि उनके द्वारा विगत 13 जून को भारत निर्वाचन आयोग में मतदाता सूचियों की दोबारा जांच के लिए की गई शिकायत के संबंध में आयोग ने उन्हें एक पत्र भेजा है. पत्र में लिखा गया है कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की शिकायत की. मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पुन: जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. शिकायत में उल्लेखित सभी 101 विधानसभा क्षेत्रों में यह जांच की जाएगी. जांच के दौरान डुप्लीकेट, अवैधानिक, दोहरे, अपात्र और झूठे अंकित मतदाताओं के नामों को देखा जाएगा.
 तन्खा ने बताया है कि इन विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाताआें का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है. इसकी रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को 20 जून तक मिल जाएगी. आयोग ने लिखा है कि रिपोर्ट मिलने पर शिकायतकर्ताओं को सूचित किया जाएगा.  तन्खा ने बताया कि उन्होंने विगत 13 जून को भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर मध्यप्रदेश में 60 लाख फर्जी मतदाताओं की सूची की सघन और बारीकी से पुन: जांच कराए जाने का लिखित आग्रह किया था. आग्रह पत्र में लिखा गया था कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 101 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत की थी, लेकिन केवल चार विधानसभा क्षेत्रों में जांच दल द्वारा जांच की गई, जो कि एक पक्षीय है. कांग्रेस द्वारा उठाये गये तथ्यों की जल्दबाजी में जांच कर उसे सीधे नकार दिया जाना उचित नहीं है. कांग्रेस द्वारा आयोग को सौंपी गई मतदाता सूचियों की प्रतियां, सीडी और पेनड्राईव में उल्लेखित शिकायतों की दोबारा जांच करायी जा रही है.       

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें