मंगलवार, 19 जून 2018

पीसीसी में केक काटकर, बांटी साड़ियां


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का 48वां जन्मदिन आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर पदाधिकारियों द्वारा केक काटकर गरीबों महिलाओं को साड़ियां और मिठाई बांटी गई. वहीं  गुफा मंदिर के पंडितों द्वारा 2019 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए मंत्रोचार किया गया. कांग्रेस द्वारा पंडितों का सम्मान भी किया गया. 
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज सुबह से ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्म दिन को लेकर पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश दिखाई दिया. कांग्रेस द्वारा आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में केक काटकर जन्मदिन मनाया गया. इस अवसर पर कांग्रेस की ओर से गरीब महिलाओं को साड़ियां बांटी और पूजन भी कराया गया. कांग्रेस ने गुफा मंदिर के पंडितों से 2019 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूजन कराया. इस अवसर पर  कांग्रेसजनों द्वारा पंडितों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया गया. इस मौके प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री पी.सी शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मांडवी चौहान, आभा सिंह, आसिफ जकी, अवनीश भार्गव, पार्षद गुड्डू चौहान, पूर्व महापौर विभा पटेल, अशोक जैन भाभा, दीपक गुप्ता , संजीव गोस्वामी, विजय सिरवैया सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे. यहां पर आतिशबाजी कर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया.
वहीं युवा कांग्रेस ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर प्रदेशभर के हर जिलें समेत कई विधानसभाओं में मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया. प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुणाल चौधरी  उज्जैन एवं रतलाम में आयोजित मैराथन दौड़ में शामिल हुए. चौधरी ने कहा कि आज राहुल गांधी के जन्मदिन पर प्रदेश का युवा दौड़ रहा है, राहुल गांधी जिस प्रकार से इस देश के किसान और युवाओं की लड़ाई लड़ते है आज उनके जन्मदिन पर प्रदेश का युवा उत्साह के साथ किसानों के लिए,युवाओं के रोजगार हेतु, महिलाओं की सुरक्षा हेतु दौड़ लगाकर संकल्प ले रहा है कि हम राहुल गांधी के नेतृत्व में उनके साथ हर लड़ाई में कंधा से कंधा मिलाकर लड़ेंगे. मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा आज करीब 100 जगह मैराथन दौड़ आयोजित की गई है इसके अलावा रक्तदान शिविर, युवा संकल्प संगोष्ठियों का भी आयोजन किया गया.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें