शुक्रवार, 7 सितंबर 2018

मुरैना में रेत माफिया ने ट्रेक्टर से कुचला डिप्टी रेंजर को

 रेत माफिया को रोकने के चक्कर में अधिकारियों, कर्मचारियों को गंवानी पड़ रही जानें
मध्यप्रदेश के मुरैना में रेत माफिया ने एक डिप्टी रेंज की ट्रेक्टर से कुचलकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए. रेत माफिया द्वारा इस क्षेत्र में लगातार शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों को रेत माफिया द्वारा मौत मिल रही है, मगर इस पर अब तक लगाम नहीं लगाई गई है. अब तक आधा दर्जन से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी खनन माफिया के हाथों मारे जा चुके हैं.
प्रदेश में खनन माफिया का आतंक समाप्त नहीं हो रहा है.  राज्य के मुरैना में एक डिप्टी रेंजर सूबेदार सिंह कुशवाह की ट्रेक्टर से कुचलकर हत्या कर दी. कुशवाह नेशनल हाईवे क्रमांक-3 पर स्थित वन चैक पोस्ट पर तैनात थे. वे रोज की तरह ड्यूटी पर गए थे. उसी दौरान रेत की अवैध खुदाई करके एक ट्रेक्टर ट्राली वहां से गुजरी. ट्रेक्टर ट्राली को देख चालक को सूबेदारसिंह ने रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक नहीं माना. इस पर सूबेदार सिंह ने लोहे के नुकीले अवरोधक लगाकर ट्रेक्टर को रोकने का प्रयास किया, इस पर ट्रेक्टर चालक को रुकना पड़ा. इसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई. दोनों के बीच बहस हो रही थी, तभी पीछे से आए दूसरे ट्रेक्टर ने सूबेदार सिंह को टक्कर मार दी और उन्हें रौंदता हुआ वहां से निकल गया.  घटना में घायल सूबेदार सिंह ााके अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 
मुरैना के पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया की घटना के बाद अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को रेत माफिया मौके से लेकर भाग गए. उन्होंने कहा कि आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है. सांघी ने बताया कि घटना में संलिप्त अभी किसी भी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक व मालिक का पता नहीं चल सका है. उन्होंने कहा कि सिविल लाइन पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ के भादंवि की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस व वन विभाग की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही है. सांघी ने बताया कि कुशवाहा का जिला अस्पताल मुरैना में पोस्टमार्टम किया जा रहा है. 
कमलनाथ ने पूछा कब रुकेगी हत्याएं
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इस घटना पर सरकार को आड़े हाथ लिया है. उन्होंने आज ट्वीट कर सरकार से पूछा है कि कब तक इस तरह की हत्याएं होती रहेंगी? कमलनाथ ने ट्वीट में लिखा है कि शिवराज सरकार में रेत माफिया के हौंसले बुलंद हैं. पूर्व में रेत माफिया मूरैना में एक आईपीएस अधिकारी नरेन्द्र कुमार की हत्या कर चुका है. फिर मुरैना में डिप्टी रेंजर सूबेदार सिंह की रेत माफिया द्वारा हत्या की खबर.आखिर प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन और निर्दोषों की हत्या कब रुकेगी?
प्रशासन पर हावी है रेत माफिया
 लंबे समय से मुरैना जिले में रेत माफिया लगातार प्रशासन पर हावी है. इस हादसे के बाद से एक बार फिर बेलगाम खनन माफिया को लेकर शिवराज सरकार पर सवाल उठ रहे हैं. मुरैना और आस-पास के इलाकों में अवैध खनन पर नकेल कसने में सरकार नाकाम साबित हुई है. इससे पहले 8 मार्च 2012 को खनन माफिया ने आईपीएस अफसर नरेंद्र सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करवा दी थी.  इलाके में अब तक 8 अफसरों-कर्मचारियों की हत्या में खनन माफिया का नाम सामने आ चुका है. बावजूद इसके सरकार कोई ठोस कदम नही उठा रही.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें