कहा मैं अम्मा का अपमान नहीं कर सकती सहन, मांगी माफी लगाई फोटोमध्यप्रदेश की खेल एवं कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया आज राजधानी के बैरागढ़ में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में राजमाता सिंधिया की फोटो न देख कर भड़क गई. उन्होंने प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत और सह संगठन मंत्री अतुल राय को भी खरी-खोटी सुना दी. इसके बाद बैठक छोड़कर चली गर्इं.
मध्यप्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की आज राजधानी भोपाल के उपनगर बैरागढ़ में 25 सितंबर के कार्यकर्ता महाकुंभ को लेकर बैठक थी. इस बैठक में जब यशोधरा राजे सिंधिया पहुंची तो उन्हें बैठक स्थल पर पंडित श्यामप्रसाद मुखर्जी, कुशाभाऊ ठाकरे और अटलबिहारी वाजपेयी के फोटो नजर आए, लेकिन राजमाता सिंधिया को फोटो नहीं दिखाई दिया. इस पर पहले तो उन्होंने महिला विधायक ऊषा ठाकुर से पूछा क्या यहां पर राजमाता का फोटो नहीं लगाया जाना चाहिए था? क्या मैं गलत कह रही हूं? जिन्होंने पार्टी को खड़ा किया, उन्हीं का अपमान करना उचित है?
इस पर महिला पदाधिकारियों ने भी अपनी सहमति जताई और कहा कि आप ठीक कह रही है, ऐसा नहीं होना चाहिए. जिन्होंने पार्टी की नींव रखी उनका अपमान नहीं होना चाहिए. इसके बाद यशोधरा राजे ने संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री अतुल राय को जमकर खरी-खोटी सुनाई. गुस्से से तिलमिलाई यशोधरा बाद में बैठक को छोड़कर निकल गई. यशोधरा के गुस्से से छड़भर बैठक में सन्नाटा पसर गया और मौजूद पदाधिकारी सहम गए.
फोन पर मांगी माफी, लगा फोटो फिर लौटी यशोधरा
मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की नाराजगी को देख और बैठक से चले जाने के बाद प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत ने फोन पर यशोधरा से माफी मांगी और कहा कि राजमाता का अपमान करना या उनका अनादर करना उनकी या संगठन की मंशा नहीं थी. संगठन मंत्री के मानमन्नौव्वल पर यशोधरा बाद में फिर बैठक में शामिल हुर्इं. यशोधरा के बैठक में शामिल होने के पहले राजमाता का फोटो भी पदाधिकारियों ने बुलवाया और सम्मानपूर्वक लगाया गया.
मोहनखेड़ा में भी हो चुकी है नाराज
यशोधरा राजे सिंधिया इसी मुद्दे को लेकर अप्रैल 2017 में मोहनखेड़ा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में नाराज हो चुकी है. वहां भी पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, कुशाभाऊ ठाकरे और अटल बिहारी वाजपेयी के कट आउट बैठक स्थल पर लगाए गए थे, मगर राजमाता का कट आउट नहीं था. इससे खफा होकर यशोधरा बैठक छोड़कर चली आई थी. इसके अलावा भी शिवपुरी में वे कई बार सरकार द्वारा उनकी घोषणा के अनुरूप कार्य न किए जाने को लेकर नाराजगी जताती रही है. यहां तक की सिंधिया घराने को लेकर जब-जब भाजपा नेताओं ने सामंतवाद बताने की बात कही, तब-तब वे अपनी नाराजगी जताती रही है.
एक बार फोटो न लगी तो अपमान थोड़े हो जाएगा
गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने जब यशोधरा राजे सिंधिया की नाराजगी को लेकर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राजमाता की फोटो हर बार रखी जाती है अगर एक बार नहीं रखी गई उनका अपमान थोड़े हो जाएगा. मुझे नही लगता कि कोई नाराजगी की बात है. वहीं इस मामले को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने मौन साध लिया, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि वे जानकारी लेने के बाद ही कुछ कह पाएंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें