रविवार, 9 सितंबर 2018

हर्षिता, आध्या होशंगाबाद जिले की रत्न

 बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की होंगे ब्रांड एंबेसडर
हर्षिता और आध्या होशंगाबाद जिले की दो रत्न हैं. जिला प्रशासन ने दोनों को होशंगाबाद जिले के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर बनाने की फैसला लिया है. 
एशियन गेम्स 2018 में लेजर सेलिंग प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली होशंगाबाद की बेटी हर्षिता तोमर एवं साफ्ट टेनिस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली बेटी आध्या तिवारी का सम्मान समारोह  होशंगाबाद  जिला प्रशासन द्वारा सेठानी घाट स्थित तिलक भवन में आयोजित किया गया. इस अवसर पर विधानसभा के अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा ने हर्षिता एवं आध्या के साथ उनके परिवार वालों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों बेटियों ने होशंगाबाद को पूरे देश में गौरवांवित किया है. इन दोनों का एशियन गेम्स में चयन होते ही होशंगाबाद का नाम स्वर्णाक्षरों में लिख गया है. उन्होंने कहा कि हमारे शहर की बेटी इंडिया का ब्लेजर पहनकर देश का प्रतिनिधित्व कर रही है यह देखकर अत्यधिक गौरव महसूस हो रहा है. उन्होंने कहा कि हर्षिता के कोच ने 2 साल पहले कहा था कि हर्षिता एशियाड में जाएगी और यह बात सही साबित हुई है. अब हर्षिता के कोच कहते हैं कि वह ओलंपिक गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेगी. यह बात भी अवश्य सही साबित होगी.  शर्मा ने कहा कि हर्षिता ने लड़कों को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता है, यह दिखाता है कि लड़कियो लड़कों से आगे बढ़ रही है. उन्होंने अपनी जनसंपर्क निधि से हर्षिता और आध्या को 25-25 हजार रूपए की राशि देने की घोषणा की. 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि हर्षिता एवं आध्या जिले के 2 रत्न हैं. इस अवसर पर हमें इनके साथ-साथ इनके माता-पिता को भी बधाई देनी चाहिए. हमें इनके माता-पिता की दाद देनी पडेÞगी कि उन्होंने अपनी बेटियों के हुनर को पहचाना एवं उन्हें अपने सपने पूरे करने का मौका दिया. कलेक्टर ने कहा कि हर्षिता और आध्या जिले के लोगों के लिए रोल माडल है. इनसे बाकी माता-पिताओं को प्रेरणा मिलेगी कि यदि बेटियों को मौका दिया जाए तो वे इसी तरह दुनिया में नाम रोशन करती हैं. उन्होंने हर्षिता और आध्या को जिले में चलाए जा रहे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रॉन्ड एम्बेसेडर बनाने की घोषणा की. 
पुलिस अधीक्षक  अरविंद सक्सेना ने हर्षिता एवं आध्या को बधाई देते हुए कहा कि वे इसी तरह अपनी सफलता बरकरार रखते हुए ओलंपिक गेम्स में भी मेडल हासिल करेंगी. इस अवसर पर हर्षिता ने होशंगाबाद के लोगों को उनके प्यार के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और बताया कि एशियन गेम्स में भाग लेकर उन्होंने बहुत कुछ सीखा है. उन्होंने बताया कि उनकी प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर लडके रहे थे तथा वे तृतीय स्थान पर रही. आध्या ने बताया कि कडी मेहनत के बाद वे एशियन गेम्स तक पहुंची. वे प्रयास करेंगी कि अगली बार देश के लिए मेडल अवश्य जीत कर लाएं. इस अवसर पर म.प्र. तैराकी संघ के अध्यक्ष पियूष शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा स्पोर्टस के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है जिसके कारण प्रदेश के 24 खिलाडी इस बार एशियन गेम्स तक पहुंचने में सफल रहे. 




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें