आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी आलोक अग्रवाल ने सतना के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में आम सभा को संबोधित करते हुए सरकार-सरकार में फर्क को बताया.
उन्होंने भाजपा सरकार के झूठ, भ्रष्टाचार और लूट पर कटाक्ष किया. इससे पहले आम आदमी पार्टी की ओर से कोस्टा से रायपुर करचोलियान तक रोड शो निकाला गया. आम सभा से पहले भाजपा, कांग्रेस एवं बहुजन समाज पार्टी के कई नेताओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली. इनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विवेक शुक्ला जलदर, बसपा के वरिष्ठ नेता संपत्ति भारतीय शिवपुसना और कांग्रेस के बिंदे सिंह जरहा समेत कई अन्य नेता शामिल थे. आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य आलोक अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गुढ़ के इतिहास में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. आज यहां से आम आदमी पार्टी यह घोषणा कर रही है कि गुढ़ में भाजपा और कांग्रेस का 70 साल से जो राज था, वह खत्म होने जा रहा है और आम आदमी पार्टी का राज आने वाला है. आम आदमी पार्टी भाजपा कांग्रेस या और दलों की तरह नहीं है. यह व्यवस्था परिवर्तन करने वाली पार्टी है. व्यवस्था बदलने का मतलब सिर्फ सरकार या सत्ता बदलना नहीं है. आम आदमी पार्टी चाहे तो बहुत आसानी से सत्ता बदल सकती है. अंबानी-अडानी जैसे किसी बड़े उद्योगपति को अपने साथ ले ले और उसके पैसे के जरिये भाजपा के खिलाफ जो रोष है, उसके तहत अपनी सरकार बना ले, लेकिन तब सिर्फ सत्ता बदलेगी, व्यवस्था नहीं. व्यवस्था परिवर्तन के लिए आजादी के शहीदों के सपनों को पूरा करना होगा. आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने सपना देखा था, वह सिर्फ अंग्रेजों को नहीं भगाना चाहते थे, बल्कि आम आदमी का राज लाना चाहते थे. वे चाहते थे कि देश के हर नागरिकों को रोटी, पानी, बिजली, सुरक्षा आदि मिले. लेकिन आज 70 साल बाद भ्रष्टाचार की व्यवस्था बन गई है. नीचे से ऊपर तक कोई काम बिना पैसे के नहीं होता. इस व्यवस्था को बदलना है. उन्होंने आंकड़ों के हवाले से मध्य प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली, रोजगार, किसान आदि की समस्याओं को सामने रखा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें