मंगलवार, 11 सितंबर 2018

बिना कमिशन दिए नहीं मिलते शिवराज सरकार में ठेके: कमलनाथ

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर बड़ा आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में उन्हें ही ठेके मिलते हैं, जो 15 से 20 फीसदी कमीशन देते हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह आरोप पोहरी पुल मामले को लेकर लगाया है.
कमलनाथ ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पोहरी पुल को लेकर सभी ने शिकायत की थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी. वहीं सवर्णों के आंदोलन पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम संविधान के साथ हैं, सबके साथ न्याय होना चाहिए. हम नहीं चाहते है कि कोई भी परेशान हो. उन्होंने शिवपुरी में अनुसूचित जाति के पुरूष की हत्या मामले में कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है. प्रदेश अंधेरे की तरफ बढ़ रहा है. भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एनसीआबी की रिपोर्ट पर कहा कि भाजपा भाजपा सरकार इस रिपोर्ट को दबा रही है, क्योंकि लोगों के सामने उसकी सच्चाई आ जाएगी. 
क्या भाजपा ने ले रखा है धर्म का ठेका
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस द्वारा राम पथ गमन यात्रा निकाले जाने को लेकर कहा कि क्या भाजपा ने धर्म का ठेका ले लिया है. हमें भाजपा से कोई प्रमाण पत्र नहीं चाहिए. भाजपा धर्म का राजनीतिक मंच पर उपयोग करती है. उन्होंने कहा कि हम राम गमन पथ का निर्माण करेंगे. गौर तलब है कि प्रदेश कांग्रेस के उपभोक्ता प्रकोष्ठ ने चित्रकूट से राम गमन पथ यात्रा निकालने की तैयारी की है. यह यात्रा उसी रास्ते से निकाली जाएगी, जहां से भगवान राम गुजरे थे. 21 सितंबर से शुरु होने जा रही यह यात्रा 9 अक्तूबर तक चलेगी. यात्रा 35 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें