सवर्ण समाज के विरोध के चलते भाजपा, कांग्रेस में घबराहटमध्यप्रदेश में एससी, एसटी एक्ट में किए संशोधन का विरोध सवर्ण समाज द्वारा किए जाने के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में चिंता बढ़ गई है. राज्य के उस अंचल ग्वालियर-चंबल में जहां भारत बंद के दौरान उपजी हिंसा के बाद अब मंत्रियों, सांसदों और नेताओं का घेराव किया जा रहा है. इसके बाद सरकार की चिंता भी बढ़ी है.
मध्यप्रदेश में खासकर ग्वालियर-चंबल अंचल में एससी, एसटी एक्ट में संशोधन का विरोध कुछ इस तरह हो रहा है कि राज्य के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल चिंता में पड़ गए हैं. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के नेताओं का घेराव इस अंचल में सवर्ण समाज द्वारा किया जा रहा है. जिस तेजी से यह मुद्दा यहां उठा, उसे देखकर अब नेताओं की सांसे फूलने लगी है. प्रदेश में सवर्ण समाज के कई संगठन इसका विरोध कर रहे हैं, जिसमें सपाक्स, करणी सेना, परशुराम सेना, गुर्जर सभा भी शामिल है. इसके अलावा एक भारतीय जय युग नाम का अनाम संगठन भी सक्रिय हैं, मगर इस संगठन से कौन जुड़ा है, इसकी जानकारी अब तक किसी को नहीं है. इन संगठनों के द्वारा किए जा रहे विरोध से ग्वालियर-चंबल अंचल में हड़कंप मचा हुआ है. विरोध करने वाले संगठनों द्वारा भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के मंत्रियों, सांसदों और ेनेताओं का घेराव किया जा रहा है साथ ही उनसे सवाल किए जा रहे हैं. संगठनों द्वारा सांसदों से इस्तीफा देने की मांग भी की जा रही है. अब तक संगठनों ने प्रदर्शन कर भाजपा सांसद अनूप मिश्रा, भागीरथ प्रसाद और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से इस्तीफे की मांग की है.
सरकार की चिंता बढ़ी
ग्वालियर-चंबल अंचल में बीते कुछ माह पूर्व देश बंद के आह्वान के दौरान उपजी हिंसा के चलते इस बार सरकार की चिंता ज्यादा बढ़ गई है. सरकार का खुफिया विभाग भी सक्रिय हुआ है. बताया जा रहा है कि विभाग की चिंता इस बात को लेकर है कि इस अंचल में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को अपनी जनआशीर्वाद यात्रा लेकर जाना है. वहीं कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी यहां पर चुनाव को लेकर लगातार सक्रिय हैं. सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से पुलिस मुख्यालय ने पल-पल की खबर देने को कहा है. पुलिस बल भी बढ़ा दिया गया है, साथ ही चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है.
भाजपा विधायक ने किया समर्थन
अशोक नगर में भाजपा विधायक अशोक जाटव को सपाक्स संगठन के कार्यकर्ताओं ने जब घेरा तो उन्होंने संगठन का समर्थन किया और कहा कि हम आपके साथ हैं. जाटव को घेराव करने वालों ने कहा कि अगर वे संशोधन विधायक का विरोध नहीं करेंगे तो चुनाव के दौरान उन्हें किसी भी क्षेत्र में घुसने नहीं दिया जाएगा. इस पर जाटव ने कहा कि वे एससी, एसटी एक्ट में किए बदलाव को लेकर सपाक्स समाज के साथ हैं.
मंत्री मायासिंह का विरोध करने वाले गिरफ्तार
ग्वालियर में आज नगरीय निकाय मंत्री मायासिंंह का घेराव कर उन्हें काले झंडे का सपाक्स संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रयास किया. मगर इस दौरान तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया. पुलिस ने करीब दर्जन भर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है मंत्री मायासिंह जीवाजी यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेकर वापस लौट रही थी, उस वक्त यह घटना घटित हुई.
इनका किया घेराव
* अशोक नगर में कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया जब शुक्रवार को पहुंचे तो उनका घेराव किया गया. साथ ही उन्हें काले झंडे दिखाने का भी प्रयास हुआ. काले झंडे दिखाने वालों को पुलिस ने हिरासत में लिया था. शुक्रवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद प्रभात झा का मुरैना में घेराव किया गया था.
* केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत शनिवार को गुना पहुंचे तो उनका भी विरोध किया गया. इसके अलावा भाजपा सांसद भागीरथ प्रसाद का भिंड और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंंह का मुरैना में विरोध किया गया. रुस्तम सिंह को तो युवाओं ने घेराव किया और काले झंडे दिखाकर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की.
* विदिशा में विदेश मंत्री एम.जे.अकबर भी घेराव के शिकार हुए. अकबर का सपाक्स संगठन द्वारा विरोध किया गया और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मांग की गई कि संशोधन विधेयक वापस लिया जाए.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें