गुरुवार, 6 सितंबर 2018

शहडोल में बल प्रयोग, शिवपुरी में पथराव


मध्यप्रदेश में बंद का व्यापक असर, मुरैना में जलाए शिवराज, सिंधिया के पोस्टर

मध्यप्रदेश में आज सवर्ण समाज के बंद का खासा असर दिखाई दिया. शाम तक कई शहरों में बाजार बंद रहे, तो राजधानी भोपाल में शाम 4 बजे तक पेट्रोल पंप बंद रहे. आधा दर्जन स्थानों पर पुलिस को भीड़ को काबू करने के लिए मशक्कत  करनी पड़ी और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. राज्य के ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी में दलितों और सवर्णों के बीच पथराव हुअ तो मुरैना जिले में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के पोस्टर जलाए गए. दिनभर सपाक्स और अन्य संगठनों द्वारा रैली निकालकर प्रदर्शन किया जाता रहा, वहीं भाजपा सांसदों, विधायकों के घरों का घेराव होता रहा.
मध्यप्रदेश में बंद का खासा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में दिखाई दिया. यहां पर बंद समर्थकों ने जगह-जगह प्रदर्शन किए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. पूरे अंचल में आज सुबह से ही दुकानें बंद रही और सड़के सूनी रही. स्कूलों के अलावा पेट्रोल पंप भी बंद रहे. राजधानी भोपाल में बंद का असर आज सुबह से ही दिखाई दिया. पेट्रोल पंप संचालकों के अलावा नगर वाहन सेवाएं भी बंद रही. बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा. वहीं स्कूल भी बंद रहे. राजधानी में बंद का खासा असर दिखाई दिया.  बंद के चलते मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय चौहान ने सवर्ण समाज के बंद का समर्थन किया है. कार्तिकेय ने बिट्टन मार्केट स्थित अपना फ्लावर शाप को आज पूरी तरह बंद रखा.  राजधानी में करणी सेना ने बोर्ड आफिस चौराहे पर ब्राह्मण समाज के साथ मिलकर प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक रुप से सरकार को चूड़ियां भेंट की. बाद में पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया. वहीं ग्वालियर, चंबल, भोपाल, रीवा, उज्जैन रेंज के जिलों में पुलिस मार्च निकाले गए. मगर बंद समर्थकों पर इसका असर नहीं दिखा.
मुख्यमंत्री निवास पर रही कड़ी नजर
राजधानी में  मुख्यमंत्री निवास के अलावा  मंत्रालय और गृह मंत्री और अन्य मंत्रियों के बंगलों  पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. पूरे प्रदेश में पुलिस कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया था. भोपाल में 3 हजार पुलिस जवान तैनात किए गए. कंट्रोल रूम से सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जाती रही है. प्रमुख सचिव बी.पी.सिंह और पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला दोनों मंत्रालय में वीडियो कांफं्रेसिंग से जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों से संपर्क कर पल-पल की जानकारी लेते रहे.
सांसद का पुतला जलाया, विधायक पुत्र गिरफ्तार
बंद के दौरान मध्यप्रदेश के उज्जैन में भाजपा सांसद चिंतामणि मालवीय का पुतला जलाया गया. यह पुतला करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जलाया. वहीं राज्य के भिंड में एसएटी एक्ट में संशोधन का विरोध कर रहे भाजपा विधायक नरेन्द्र कुशवाह के बेटे पुष्पेन्द्र कुशवाह के साथ एक दर्जन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इन्हें धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है.बताया जा रहा है कि पुष्पेन्द्र सिंह समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर उत्पात मचाने का प्रयास कर रहे थे.
रेल रोकने का किया प्रयास
बंद का खासा असर ग्वालियर-चंबल अंचल में दिखाई दिया.यहां पर अशोक नगर में बंद समर्थक रेल पटरियों पर पहुंच गए. ये रेल रोकते उसके पहले पुलिस बल वहां पहुंचा और समथकों को हटाया. अशोक नगर के अलावा रीवा में बंद समर्थकों ने टायरों में आग लगाकर भाजपा का झंडा जला दिया.
शहडोल में लाठी चार्ज
बंद समर्थक शहडोल में सुबह से ही सक्रिय थे. यहां पर सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस बेरिकेट्स लगाए गए थे, जिसे हटाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शन कारियों के बीच झड़प हो गई. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसा दी.लाठी चार्ज में प्रदर्शनकारियों को चोट आई हैं. लाठी चार्ज के विरोध में आंदोलनकारियों ने जगह-जगह जाम लगा दिया.आंदोलनकारी लार्ठ चार्ज के लिए पुलिस अधीक्षक को हटाने की मांग कर रहे थे.  जिला दंडाधिकारी ने लाठी चार्ज की दंडाधिकारी जांच के आदेश दिए हैं.

पूर्व भाजपा विधायक ने दिया इस्तीफा
रीवा जिले के पूर्व भाजपा विधायक लक्ष्मण तिवारी ने एसएीएसटी एक्टेसिटी एक्ट में हुए संशोधन के खिलाफ आज भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी. उन्होंने कहा कि वे परिवर्तन के खिलाफ संघर्ष करेगें. इसी बीच टीकमगढ़Þ जिले से भारतीय जनता युवा मोर्चा के चार पदाधिकारियों के द्बारा एससीएसटी एक्ट संशोधन के खिलाफ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया गया.
शिवपुरी में पथराव
मध्यप्रदेश में बंद के दौरान शिवपुरी जिले के लुकवासा ग्राम में उस वक्त पथराव की स्थिति निर्मित हो गई, जब  सवर्णों की रैली निकाली जा रही थी. रैली के दौरान दलित वर्ग के लोगों ने पथराव कर दिया. बताया जाता है कि जाटवों के मोहल्ले से जब रैली निकल रही थी, तब सवर्ण वर्ग के लोगों पर किसी ने पथराव किया, इसके बाद सवर्णों ने भी पथराव कर दिया. हालात ऐसे बने कि दोनों ओर से लाठियां निकल आर्इं. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराया.
मुरैना ने जलाए सिंधिया, शिवराज के पोस्टर
मुरैना जिले के दिमनी में सवर्ण वर्ग के युवाओं ने एससी, एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में नारेबाजी की और प्रदर्शन किया. इस दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के पोस्टर जला दिए. इस बात की सूचना मिलने पर पुलिस बल वहां पहुंचा तो युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी तेज कर दी. इस दौरान पुलिस और युवाओं के बीच हड़प भी हुई.
भाजपा विधायक के खिलाफ की नारेबाजी
ग्वालियर-चंबल अंचल के श्योपुर में आज बंद के दौरान भाजपा विधायक दुर्गालाल विजय के निवास पर सपाक्स के कार्यकर्ता पहुंचे और जमकर नारेबाजी की. पुलिस ने वहां पहुंचकर मोर्चा संभाला और विधायक को घर से बाहर नहीं निकलने दिया.

पुलिस ने कहा छिटपुट घटनाएं घटी, स्थिति रही नियंत्रण में
आईजी ला एंड आर्डन मकरंद देऊस्कर ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि आज के बंद के दौरान राज्य में छिटपुट घटनाएं घटित हुई है, वैसे बंद शांतिपूर्ण रहा. उन्होंने कहा कि शहडोल में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए तनाव के चलते पुलिस को हल्का प्रयोग करना पड़ा. वहीं विदिशा में विधायक के घर प्रदर्शन कर घेराव किया गया. आईजी ने कहा कि रीव और सतना में टायर जलाने की वारदातें हुई हैं. जबकि अलीराजपुर में स्थिति तनाव की है, मगर नियंत्रण में है. उन्होंने कहा कि भिंड, रीवा, सतना, अलीराजपुर, सीधी और मुरैना में भीड़ को तीतर-बीतर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें