सोमवार, 3 सितंबर 2018

अंतरराज्यीय चंदन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

राजधानी की क्राइम ब्रांच ने चंदन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपी मूल रुप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. ये एक अंतराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं.
क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपियों की पहचान अमित यादव पिता लाल सिंह यादव निवासी उत्तरप्रदेश और विवेक कुमार पिता राधेलाल यादव निवासी उत्तरप्रदेश के रुप में हुई है. ये दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं. ये गिरोह चार पहिया वाहनों से चंदन की तस्करी करने का काम लंबे समय से कर रहे थे. क्राइम ब्रांच के अनुसार  बीती रात आरोपियों को राजधानी के निकट  तुमड़ा जोड़ के पास स्थित टोल नाके से हिरासत में लिया गया. आरोपियों द्वारा एक चार पहिया वाहन क्रमांक यूपी-77 टी 9358 में केबिन बनाकर चंदन की लकड़ी की तस्करी की जा रही थी. आरोपियों के कब्जे से कुल सवा दो क्विंटल चंदन की लकड़ी बरामद की गई है,  बरामद किए गए माल की कीमत 3 लाख रुपए आंकी गई है.  आरोपियों से पूछताछ जारी है. पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.
नाबालिग लापता
राजधानी के कमला नगर थाना पुलिस के अनुसार कोटरा निवासी राकेश कुमार नंदा का 16 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार, बीते शुक्रवार शाम से लापता है.  मोहित के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर मोहित की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है. पुलिस का कहना है कि चूंकि लापता हुआ मोहित नाबालिग है, इसलिए अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें