सोमवार, 3 सितंबर 2018

प्रदेश और देश में बेरोजगार सेना को बढ़ाएंगे: पंखुड़ी पाठक


मध्यप्रदेश में बेरोजगारी की बढ़ती समस्या, शिक्षित बेरोजगारों की लगातार बढ़ी संख्या, युवाओं की अन्य समस्याओं, बेरोजगारी संबंधित अनेक आंदोलनों का प्रभाव, सरकारों के बेरोजगार युवाओं के प्रति रवैए को युवाओं की दृष्टि से समझने और उनके समाधान खोजने के लिए बेरोजगार सेना द्वारा बेरोजगार पंचायत" का आयोजन  गांधी भवन, पालिटेक्निक चौराहा, भोपाल में शुरू हुआ. इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि  युवा नेता  पंखुडी पाठक थी.
प्रदेश मे युवाओं की स्थिति बहुत खराब है. मध्यप्रदेश के  युवाओं का दुर्भाग्य ही है कि जिस सरकार का काम युवाओं के लिए उचित रोजगार उपलब्ध कराना था आज उन सरकारों की नीतियों के कारण ही नौकरियों की संख्या लगातार गिर रही है. बेरोजगारी के कारण अब जनता का आक्रोश सड़कों पर आ गया है. पिछले कुछ महीनों में प्रदेश के हर हिस्से में युवा संगठन बेरोजगारी की समस्या को लेकर मुखर हुए हैं और चारों ओर से रोजगार के अधिकार की बात उठ रही है. आज सरकार केवल उनको ही बेरोजगार मानती है जिनके पास नौकरी नहीं है. हालांकि सच यह है कि हर वो व्यक्ति जो सरकारी नीतियों के कारण अपनी योग्यता और क्षमता के अनुरूप पैसे नहीं कमा पा रहा है वह बेरोजगार है. चाहे वह काम ढूंढ रहा हो, व्यापारी हो, सरकारी, प्राइवेट नौकरी करने वाला हो या मजदूर हो. प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़कर किसी काल सेण्टर या शापिंग माल में सेल्समेन की नौकरी करने वाला व्यक्ति भी खुद को बेरोजगार ही मानता है. 
पंखुड़ी पाठक ने कहा कि मैं मध्य प्रदेश में बार बार आना चाहूंगी ओर बेरोजगार सेना का साथ दूंगी और मध्यप्रदेश के बाहर भी बेरोजगार सेना के बारे में बताऊंगी  सभी संगठन जो युवाओं के मुद्दों पर सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं या अपने कॉलेज में युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वे बेरोजगार सेना से जुड़े. अक्षय हुंका ने कहा कि बिना बेरोजगारों को साथ लिए कोई अपनी सरकार नहीं बना सकता है. हम युवाओं की मांगों को लेकर दोनों पार्टियों के पास जायेगे और उनके जवाब के हिसाब से अगली रणनीति तय करेंगे.  कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से लगभग 50 संगठनों के 300 युवाओं ने भाग लिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें