सोमवार, 3 सितंबर 2018

भाजपा विधायक के बेटे ने सिंधिया को दी धमकी

मामला गर्माया तो फेसबुक से हटाई पोस्ट
पूर्व केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा की विधायक उमा खटीक के बेटे ने जान से मारने की धमकी दी है. सिंधिया को दी धमकी के बाद राजनीति गर्मा गई है. सिंधिया को दूसरी बार इस तरह की धमकी दी गई है. 
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक उमा देवी खटीक के बेटे प्रिंसदीप ने अपने फेसबुक वॉल पर यह धमकी दी है. प्रिंसदीप ने सोमवार की रात को यह विवादित पोस्ट की थी. बाद में सोशल मीडिया पर यह पोस्ट वायरल हुई. इस पोस्ट के वायरल होते ही राजनीति भी गर्मा गई. प्रिंसदीप ने अपनी पोस्ट के जरिए सिंधिया को खुली धमकी दी है, जिसमें कहा है कि यदि उपकासी गांव में कदम रखेंगे तो गोली मार दी जाएगी. हालांकि प्रिंसदीप द्वारा दी गई सिंधिया को खुली धमकी के बाद जब राजनीति गर्माई तो उसने सोमवार की सुबह पोस्ट को हटा ली, मगर कांग्रेस नेता अब इस पोस्ट को वायरल कर रहे हैं. गौरतलब है कि सिंधिंया को अपनी परिवर्तन यात्रा के चलते 5 सितंबर को दमोह जिले के हटा पहुंचना है. यहां पर आयोजित रैली को उन्हें संबोधित करना है.
उल्लेखनीय है कि सिंधिया को पूर्व में भी इस तरह की धमकी मिल चुकी है. पूर्व में 9 जनवरी को किरार समाज के कार्यक्रम में मंच से सिंधिया को धमकी दी गई थी. इस मंच पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय भी उपस्थित थे. यह धमकी शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र में किरार सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़ ने दी थी. उन्होंने कहा था कि ‘यदि शिवराज सिंह पर उंगली उठाई तो हाथ तोड़ देंगे और जुबान चलाई तो जुबान काट लेंगे.’
विधायक ने कहा बेटे को डाल दो जेल में
सिंधिया को दी धमकी के बाद भाजपा विधायक उमा देवी खटीक भी बेटे से नाराज हैं. उन्होंने कहा कि सिंधिया को 5 तारीख को अपने तय कार्यक्रम के लिए आना है, वे आएं. उनके बेटे ने धमकी देकर गलत किया है. पुलिस को उसे जेल में डाल देना चाहिए. विधायक ने कहा कि मैं इस मामले में हम अपने बेटे का समर्थन नहीं लेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें